: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवार संग फिल्म "द साबरमती रिपोर्ट" देखी, दी सराहना

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी पत्नी कौशल्या देवी साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ राजधानी रायपुर स्थित मैग्नेटो मॉल पहुंचे, जहां उन्होंने फिल्म "द साबरमती रिपोर्ट" देखी। इस मौके पर छत्तीसगढ़ कैबिनेट के कई मंत्री भी उनके साथ मौजूद थे। फिल्म में 22 साल पहले गुजरात के गोधरा में हुए ट्रेन हादसे की सच्चाई को उजागर करने का प्रयास किया गया है।

इस विशेष अवसर पर फिल्म की निर्देशक एकता कपूर और अभिनेत्री ऋद्धि डोगरा भी उपस्थित थीं। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसकी प्रशंसा करते हुए इसे ऐतिहासिक सत्य को उजागर करने वाला सराहनीय और प्रभावशाली प्रयास बताया।

मुख्यमंत्री ने फिल्म को बताया "युवा पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण"

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि "द साबरमती रिपोर्ट" को छत्तीसगढ़ में कर मुक्त (टैक्स फ्री) कर दिया गया है।उन्होंने कहा, "यह फिल्म हमारी इतिहास की एक दुखद घटना को जानने और समझने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।नई पीढ़ी को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए, क्योंकि इतिहास का अध्ययन ही वर्तमान और भविष्य के लिए बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करता है।"

सोशल मीडिया पर साझा किए विचार

मुख्यमंत्री ने फिल्म देखने के बाद अपने विचार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "एक्स" पर भी साझा किए। उन्होंने लिखा,"रायपुर में अपने कैबिनेट सहयोगियों, वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों, परिवार के सदस्यों और फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' के निर्माता और कलाकारों के साथ यह फिल्म देखी। सत्य को निर्भीकता से दिखाने का यह साहसिक प्रयास अत्यंत सराहनीय और प्रभावशाली है। यह फिल्म उस व्यवस्था की सच्चाई उजागर करती है, जो झूठे नैरेटिव के जरिए सत्य को दबाने की कोशिश करती है। मैं फिल्म के सभी कलाकारों को उनकी उत्कृष्ट भूमिका के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।"

कई वरिष्ठ मंत्री भी हुए शामिल

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव,वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी फिल्म का आनंद लिया।सभी ने इस फिल्म की खुले दिल से सराहना की और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक फिल्म बताया।

"द साबरमती रिपोर्ट" के बारे में

यह फिल्म गोधरा ट्रेन हादसे से जुड़े घटनाक्रम और तथ्यों को उजागर करती है,जिसे लेकर कई बार विवादित धारणाएं बनाई गईं।फिल्म के माध्यम से सच्चाई को सामने लाने का प्रयास किया गया है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस फिल्म को अपने परिवार के साथ जरूर देखें।उन्होंने कहा, "हमारे इतिहास के अतीत से सीख लेकर ही हम अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।"यह फिल्म न केवल ऐतिहासिक घटनाओं का अध्ययन है, बल्कि यह दर्शकों को सत्य का महत्व समझाने का एक प्रभावशाली प्रयास भी है।

विज्ञापन

जरूरी खबरें